नोएडा में नामी मैनपावर कंपनियों में गार्ड और सुपरवाइजर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का सेक्टर-20 थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सेक्टर-27 स्थित कार्यालय पर छापा मारकर गिरोह की सरगना समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरोह की सरगना अपने नाम से बनी मैनपावर कंपनी की आड़ में लोगों को ठग रही थी।
तीन शिकायतों के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
एनसीआर से मिली तीन शिकायतों के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि सेक्टर-27 में एक फर्जी कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा है, जहां से नौकरी के नाम पर लोगों से रुपये वसूले जा रहे थे।
विज्ञापन और पर्चों से फंसाए जाते थे बेरोजगार
आरोपित अखबारों, सोशल मीडिया और पर्चों के माध्यम से नौकरी का विज्ञापन देकर बेरोजगार युवाओं को अपने जाल में फंसाते थे। गार्ड और सुपरवाइजर की नौकरी का भरोसा दिलाकर उनसे रजिस्ट्रेशन और अन्य शुल्क के नाम पर रकम वसूली जाती थी।
डेढ़ साल में दो हजार लोगों से लाखों की ठगी
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह पिछले करीब डेढ़ साल से सक्रिय था और इस दौरान करीब दो हजार लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर चुका है। पुलिस ने मौके से चार महिलाओं समेत कुल छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।


