नोएडा। दादरी-नोएडा-गाजियाबाद विशेष निवेश क्षेत्र (डीएनजीआईआर) के तहत 209.11 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में विकसित होने वाले ‘नया नोएडा’ के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू कर दी गई। इसके साथ ही परियोजना को धरातल पर उतारने की दिशा में पहला कदम बढ़ा है।
पांच लेखपालों ने शुरू किया सर्वेक्षण
जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया के तहत नवनियुक्त पांच लेखपालों ने किसानों से आपसी सहमति के आधार पर भूमि लेने के लिए सर्वेक्षण शुरू कर दिया है। लेखपालों की टीम संबंधित गांवों में पहुंचकर राजस्व अभिलेखों का सत्यापन और जमीन की स्थिति का आकलन कर रही है।
खसरा-खतौनी और मालिकाना हक की जांच
सर्वेक्षण के दौरान खेतों की वर्तमान स्थिति, मालिकाना हक, खसरा-खतौनी के रिकॉर्ड और आबादी क्षेत्र से जुड़ी जानकारी एकत्र की जा रही है। इन आंकड़ों के आधार पर आगे की अधिग्रहण प्रक्रिया तय की जाएगी।
पहले चरण में 37 गांव शामिल
प्रथम चरण में कुल 37 गांवों को सर्वेक्षण के लिए सूचीबद्ध किया गया है। इनमें 24 गांव बुलंदशहर जिले और 13 गांव गौतमबुद्ध नगर जिले के शामिल हैं। इन गांवों में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाई जाएगी।


