नोएडा के सेक्टर-93ए की खुली नालियों से बढ़ी परेशानी, मानसून से पहले निवासियों ने उठाए सवाल

नोएडा के सेक्टर-93ए में खुली नालियां अब स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही हैं। पार्श्वनाथ प्रेस्टीज सोसाइटी से लेकर एटीएस सोसाइटी क्षेत्र तक गुजरने वाली खुली और जाम नालियों को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। निवासियों का आरोप है कि लंबे समय से शिकायतों के बावजूद नोएडा प्राधिकरण ने न तो नालियों को ढकने का काम किया और न ही उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित की।

“मानसून आते ही जलभराव का खतरा”

सोसाइटी के एओए अध्यक्ष रजनीश नंदन ने बताया कि पिछले डेढ़ साल से इस समस्या को लेकर लगातार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की जा रही है। उन्होंने कहा कि सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह से भी मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई समाधान नहीं हुआ।

निवासियों का कहना है कि मानसून नजदीक है और यदि समय रहते नालियों की सफाई व ढकने का काम नहीं हुआ तो इलाके में जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो सकती है।

दुर्गंध, मच्छर और हादसों का डर

खुली नालियों से उठ रही बदबू और गंदगी के कारण आसपास रहने वाले लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियों में गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

इसके अलावा खुली नालियां हादसों का कारण भी बन सकती हैं। निवासियों का कहना है कि रात के समय या बारिश के दौरान यहां दुर्घटना होने का डर बना रहता है।

“बाकी नाले ढके गए, यहां क्यों नहीं?”

लोगों का आरोप है कि शहर के अन्य इलाकों में नालियों को ढकने और पक्का निर्माण करने का काम किया गया, लेकिन पार्श्वनाथ प्रेस्टीज और आसपास की सोसाइटियों के बीच से गुजरने वाली नालियों को जस का तस छोड़ दिया गया।

निवासियों ने मांग की है कि प्राधिकरण मानसून से पहले तत्काल सफाई अभियान चलाए, नालियों को कवर करे और स्थायी समाधान सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में जलभराव और स्वास्थ्य संकट जैसी स्थिति से बचा जा सके।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

क्या आपको लगता है कि बॉलीवुड ड्रग्स केस में और भी कई बड़े सितारों के नाम सामने आएंगे?

View Results

Loading ... Loading ...

आज का राशिफल देखें