नोएडा के सेक्टर-108 स्थित एक पीजी में रविवार रात अचानक आग लगने से कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। आग बिजली के पैनल बॉक्स में लगी थी, लेकिन समय रहते मौजूद लोगों की सतर्कता और तत्काल कार्रवाई के कारण बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब नौ बजे पीजी के बिजली पैनल से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ। देखते ही देखते पैनल बॉक्स में आग लग गई। उस समय पीजी में कई लोग मौजूद थे, जिससे कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।
हालांकि वहां मौजूद लोगों ने घबराने के बजाय तुरंत पीजी में लगे फायर सेफ्टी उपकरणों का इस्तेमाल किया और आग पर काबू पा लिया। आग सीमित दायरे में ही रही, जिससे वह भवन के अन्य हिस्सों तक नहीं फैल सकी।
बताया जा रहा है कि आग छोटी थी और कुछ ही मिनटों में बुझा दी गई थी, इसलिए शुरुआत में अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना नहीं दी गई। बाद में मामले की जानकारी मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सूचना मिलने के बाद विभाग की टीम मौके पर भेजी गई थी, लेकिन तब तक आग पूरी तरह बुझ चुकी थी।
हाल के दिनों में पीजी, होटल और गेस्ट हाउसों में आग की घटनाओं और सुरक्षा जांच को लेकर प्रशासन पहले से सतर्क है। ऐसे में सेक्टर-108 की यह घटना एक बार फिर फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की अहमियत को सामने लाती है।






