यमुना सिटी। जेवर क्षेत्र के व्यापारियों की कर संबंधी समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जीएसटी विभाग की ओर से विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। खुर्जा रोड स्थित एक होटल में आयोजित इस बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारियों ने हिस्सा लिया और अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं।
कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने जीएसटी रिटर्न दाखिल करने में आने वाली दिक्कतों, कर प्रक्रियाओं की जटिलताओं और कारोबार से जुड़ी अन्य समस्याओं पर खुलकर चर्चा की। अधिकारियों ने व्यापारियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया।
जीएसटी विभाग के अधिकारी मानवेन्द्र सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा व्यापारियों को राहत देने और उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन समस्याओं का समाधान तत्काल संभव नहीं हो सका है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा।
बैठक में व्यापारियों ने विभाग और कारोबारी वर्ग के बीच इस तरह के संवाद कार्यक्रमों को नियमित कराने की भी मांग उठाई, ताकि छोटे व्यापारियों को प्रक्रियाओं की बेहतर जानकारी मिल सके और अनावश्यक परेशानियों से बचा जा सके।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल जेवर के अध्यक्ष संजय माहेश्वरी, महासचिव कुलदीप पंडित, नरेंद्र गोयल, अनिल गोयल, पवन शर्मा, पुनीत गर्ग, जैनेंद्र जैन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।






