Noida News: सिस्टम ठेंगे पर! दो नोटिस फेल, बेसमेंट में चल रही क्लासें… क्या नोएडा किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?

नोएडा। क्या नोएडा प्राधिकरण किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? सेक्टर-51 के डी-141 में बेसमेंट में संचालित हो रहे एक कोचिंग सेंटर को लेकर यही सवाल अब स्थानीय निवासी और आरडब्ल्यूए उठा रहे हैं। आरोप है कि बार-बार शिकायतों और दो बार नोटिस जारी होने के बावजूद कोचिंग सेंटर का संचालन धड़ल्ले से जारी है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं।

दो बार नोटिस, फिर भी कार्रवाई नहीं; आखिर किसका संरक्षण?

सेक्टर-51 आरडब्ल्यूए के महासचिव एवं डीडी आरडब्ल्यूए फेडरेशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार का कहना है कि बेसमेंट में कोचिंग सेंटर चलाने के खिलाफ कई बार शिकायतें की गईं। नोएडा प्राधिकरण ने दो बार नोटिस भी जारी किया, लेकिन उसके बाद मामला फाइलों में दबकर रह गया। उनका आरोप है कि यदि प्राधिकरण खुद अपने नोटिसों का पालन नहीं करा पा रहा, तो फिर ऐसे नोटिस जारी करने का औचित्य क्या है? सवाल यह भी है कि आखिर किसके संरक्षण में नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है।

‘हादसा होगा, तब जागेगा सिस्टम?’

संजीव कुमार ने कहा कि देश में अक्सर देखा गया है कि किसी हादसे के बाद ही प्रशासन हरकत में आता है। स्कूल बस दुर्घटना होती है तो पूरे प्रदेश में चेकिंग शुरू हो जाती है, कोचिंग सेंटर में आग लगती है तो अवैध कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई शुरू होती है। लेकिन कुछ दिनों बाद सब कुछ फिर पुराने ढर्रे पर लौट जाता है। उनका कहना है कि मीडिया और आरडब्ल्यूए लगातार मुद्दा उठाते हैं,  लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे रहते हैं और किसी अप्रिय घटना का इंतजार करते दिखाई देते हैं।

युवराज मेहता हादसे का हवाला, जिम्मेदारी कौन लेगा?

संजीव कुमार ने सेक्टर-150 में पानी से भरे बेसमेंट में कार डूबने से युवा सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की मौत का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं बताती हैं कि लापरवाही की कीमत लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ती है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि भविष्य में बेसमेंट में चल रहे किसी कोचिंग सेंटर में आग, शॉर्ट सर्किट या अन्य हादसा होता है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा—शासन, प्रशासन या वे अधिकारी जो शिकायतों और नोटिसों के बावजूद कार्रवाई नहीं कर रहे? उन्होंने मांग की कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई हो, ताकि हादसों को रोका जा सके, न कि उनके बाद औपचारिक कार्रवाई का दिखावा किया जाए।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

क्या आपको लगता है कि बॉलीवुड ड्रग्स केस में और भी कई बड़े सितारों के नाम सामने आएंगे?

View Results

Loading ... Loading ...

आज का राशिफल देखें