नोएडा। सेक्टर-105 में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) ने आरोप लगाया है कि जन स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सिविल विभाग को सौंपे जाने के बाद से पूरे सेक्टर में गंदगी का साम्राज्य फैल गया है। नालियां कचरे से अटी पड़ी हैं, सड़कों के किनारे गंदगी के ढेर लगे हैं और खाली प्लॉटों में उगी 10 फीट तक ऊंची झाड़ियां अब जहरीले सांपों और खतरनाक जीवों का सुरक्षित ठिकाना बन चुकी हैं।

खाली भूखंड बने ‘सांपों का अड्डा’, दहशत में रह रहे परिवार
RWA अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय (दीपक शर्मा) ने बताया कि प्राधिकरण के खाली पड़े भूखंडों में लंबे समय से सफाई नहीं हुई है। जंगली घास और खरपतवार इतनी घनी हो चुकी है कि वहां जहरीले सांपों सहित कई खतरनाक जीवों ने डेरा जमा लिया है। ये जीव अक्सर घरों और आबादी वाले इलाकों तक पहुंच रहे हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर लोगों में भारी डर और नाराजगी है।

पार्कों में कूड़े के ढेर, झुके पेड़ बने मुसीबत
सेक्टर के पार्कों की हालत भी चिंताजनक बताई गई है। पार्कों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, जबकि कई पेड़ बाउंड्री और रास्तों की ओर झुक गए हैं। नियमित छंटाई और रखरखाव न होने से मॉर्निंग वॉक और शाम की सैर करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

RWA की चेतावनी- अब नहीं जागा प्राधिकरण तो बढ़ सकता है खतरा
RWA ने नोएडा प्राधिकरण के CEO और संबंधित अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। संगठन ने नालियों की सफाई, खाली प्लॉटों से झाड़ियां हटाने और पार्कों की स्थिति सुधारने के लिए त्वरित कार्रवाई की अपील की है। निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो यह समस्या किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। सेक्टर-105 के लोग अब जवाब चाहते हैं कि आखिर सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी किसकी है और जनता की सुरक्षा के साथ यह लापरवाही कब तक जारी रहेगी।


