
नोएडा । नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच सफर करने वाले दैनिक यात्रियों को अब रात 11 बजकर 25 मिनट तक मेट्रो सेवा मिलेगी। नोएडा मेट्रो रेल कारपोरेशन (एनएमआरसी) ने बढ़ती राइडरशिप को देखते हुए एक्वा लाइन की समय-सारणी में बदलाव किया है। इसके साथ ही सोमवार से शुक्रवार तक व्यस्त घंटों में ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी बढ़ाकर हर छह मिनट कर दी गई है।

रात 10 बजे के बाद चार अतिरिक्त ट्रेनें चलेंगी
एनएमआरसी की नई समय-सारणी के तहत रात 10 बजे के बाद यात्रियों के लिए चार अतिरिक्त ट्रेनें उपलब्ध कराई गई हैं। अब रात 10:20, 10:40 और 11:00 बजे के बाद अंतिम मेट्रो 11:25 बजे रवाना होगी। इससे देर रात तक यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
व्यस्त घंटों में हर छह मिनट पर मिलेगी मेट्रो
सोमवार से शुक्रवार तक व्यस्त घंटों में ट्रेनों के बीच का अंतराल घटाकर छह मिनट कर दिया गया है। शनिवार को पूरे दिन 10 मिनट और रविवार को 15 मिनट के अंतराल पर ट्रेनों का संचालन पहले की तरह जारी रहेगा। इससे व्यस्त समय में यात्रियों को मेट्रो के लिए कम इंतजार करना पड़ेगा।
एक्वा लाइन पर दैनिक यात्रियों की संख्या एक लाख पार
सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा डिपो तक 21 स्टेशनों वाले एक्वा लाइन कॉरिडोर पर प्रतिदिन 13 ट्रेनों का नियमित संचालन होता है। इसके अलावा एक ट्रेन स्टैंडबाय रखी जाती है। हाल के दिनों में इस कॉरिडोर पर दैनिक यात्रियों की संख्या एक लाख के आंकड़े को पार कर गई थी। बढ़ती यात्रियों की संख्या को देखते हुए एनएमआरसी ने मेट्रो सेवाओं में विस्तार किया है।


