नोएडा। सेक्टर-105 में नोएडा प्राधिकरण द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित मार्केट वर्षों से तैयार होने के बावजूद बंद पड़ी है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि दुकानें आवंटित नहीं किए जाने के कारण उन्हें रोजमर्रा की जरूरत का सामान खरीदने के लिए दूर-दराज के बाजारों में जाना पड़ता है। इस मुद्दे को लेकर सेक्टर-105 रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) को पत्र भेजकर मार्केट को जल्द शुरू कराने की मांग की है।
RWA बोली- जनता भी परेशान, प्राधिकरण को भी लाखों का नुकसान
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय (दीपक शर्मा) ने कहा कि स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए बनाई गई यह मार्केट कई वर्षों से धूल फांक रही है। उनका कहना है कि दुकानें बंद रहने से एक ओर वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और परिवारों को आवश्यक सामान के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, वहीं दूसरी ओर प्राधिकरण को हर महीने किराया और आवंटन शुल्क के रूप में मिलने वाले लाखों रुपये के संभावित राजस्व का भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
दुकानें खुलेंगी तो मिलेगा रोजगार, बढ़ेंगी सुविधाएं
आरडब्ल्यूए का कहना है कि यदि प्राधिकरण इन दुकानों का आवंटन लीज, किराया अथवा बिक्री के माध्यम से कर दे तो स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही सेक्टर के लोगों को घर के नजदीक ही दैनिक उपयोग की सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उनका मानना है कि मार्केट शुरू होने से परिसर का रखरखाव भी बेहतर होगा और आसपास का क्षेत्र अधिक व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनेगा।
प्राधिकरण से जल्द निर्णय लेने की मांग
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने प्राधिकरण से मांग की है कि वर्षों से बंद पड़ी इस मार्केट को जल्द से जल्द चालू कराया जाए ताकि करोड़ों रुपये की सार्वजनिक संपत्ति का सदुपयोग हो सके। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते दुकानें आवंटित कर दी जाती हैं तो इससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और स्वयं प्राधिकरण—तीनों को लाभ मिलेगा।


