नोएडा। विश्व जैन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय जैन के नेतृत्व में निकली 5100 किलोमीटर लंबी श्री नेमि गिरनार धर्म यात्रा मंगलवार शाम सेक्टर-27 स्थित दिगंबर जैन बड़ा मंदिर पहुंची। मंदिर अध्यक्ष पवन जैन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जैन समाज के लोगों ने यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। यह यात्रा 25 जून को दिल्ली से शुरू होकर विभिन्न राज्यों से होते हुए 19 जुलाई को गिरनार जी पहुंचेगी।
भगवान नेमिनाथ की दिव्य प्रतिमा और गिरनार झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
यात्रा का प्रमुख आकर्षण भगवान श्री नेमिनाथ की दिव्य प्रतिमा तथा पवित्र गिरनार पर्वत की भव्य झांकी रही। मंदिर परिसर में महिला मंडल की ओर से सामूहिक आरती, भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धार्मिक वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया।
एकता, अहिंसा और शाकाहार का संदेश दे रही धर्म यात्रा
विश्व जैन संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस धर्म यात्रा का उद्देश्य देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना, भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण का संदेश देना तथा जैन धर्म के मूल सिद्धांतों—अहिंसा, शाकाहार और व्यसन मुक्ति—का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है। 20 जुलाई को भगवान श्री नेमिनाथ के मोक्ष दिवस पर गिरनार जी में देशभर का जैन समाज वंदना करेगा।
बड़ी संख्या में समाज के लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में विश्व जैन संगठन नोएडा के अध्यक्ष के.के. जैन, सचिव दिनेश जैन, राहुल जैन, पंकज जैन, प्रदीप जैन, पवन जैन, सीए पंकज जैन, राजेश जैन, हरीश जैन, गौरव जैन, सुबोध जैन, सुशील, राजीव जैन, अजय जैन, अर्चना जैन, डॉ. अमित जैन, नीरू जैन सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।


