Noida News : नोएडा में लगातार बढ़ रही महंगाई अब आम लोगों की जेब पर भारी पड़ने लगी है। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दाम बढ़ने के बाद ट्रांसपोर्ट से लेकर सब्जियों, फलों, दूध, दाल और रोजमर्रा की जरूरतों का सामान महंगा हो गया है। इसका सबसे ज्यादा असर मध्यमवर्गीय और नौकरीपेशा परिवारों पर पड़ रहा है, जिनका मासिक बजट लगातार बिगड़ता जा रहा है।
सफर करना हुआ महंगा
शहर में निजी बसों, ऑटो, ई-रिक्शा और कैब सेवाओं के किराए में बढ़ोतरी से रोजाना सफर करने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, स्कूल-कॉलेज के छात्र और मजदूर वर्ग को हर दिन अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। कई रूटों पर ऑटो चालक पांच से दस रुपये तक ज्यादा किराया वसूल रहे हैं, जबकि ई-रिक्शा का किराया भी लगभग दोगुना हो गया है।
सब्जियों और फलों के दाम में उछाल
महंगाई का असर रसोई तक भी पहुंच गया है। मंडियों में सब्जियों और फलों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। शिमला मिर्च, टमाटर, प्याज, बैंगन और पत्ता गोभी जैसी सामान्य सब्जियां भी अब महंगी हो गई हैं, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ रही है।

ढुलाई महंगी होने से बढ़ी कीमतें
व्यापारियों का कहना है कि डीजल की कीमत बढ़ने से माल ढुलाई का खर्च बढ़ गया है। ट्रकों और कंटेनरों का किराया महंगा होने के कारण बाजार तक सामान पहुंचाने में अधिक लागत आ रही है। इसका सीधा असर उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है।
छोटे दुकानदार भी परेशान
छोटे दुकानदारों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के कारण ग्राहक कम खरीदारी कर रहे हैं, जबकि दुकान चलाने का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में व्यापारियों के सामने भी आर्थिक दबाव बढ़ने लगा है।






