ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र स्थित जहांगीरपुर कस्बे में एक व्यक्ति ने अपने पड़ोस में रहने वाले दो भाइयों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसके घर में ईंट फेंकी और उसकी पत्नी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी दी। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के अनुसार, आरोपित उसकी पत्नी पर बातचीत करने का दबाव बना रहे थे। आरोप है कि जब महिला ने उनसे बात करने से इनकार किया, तो दोनों भाइयों ने पति और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। इन घटनाओं के बाद पूरा परिवार भय और तनाव के माहौल में जीने को मजबूर है।
पीड़ित का कहना है कि आरोपितों की लगातार हरकतों से परिवार इतना परेशान हो गया है कि घर से बाहर निकलना भी बंद कर दिया है। परिवार ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए जहांगीरपुर कस्बा छोड़ने पर मजबूर होना पड़ सकता है।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


