नोएडा के सेक्टर-62 स्थित एसजी पावर प्राइवेट लिमिटेड का गोपनीय व्यावसायिक डेटा चोरी कर करीब दो करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने के आरोप में सेक्टर-58 थाना पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई अदालत के आदेश पर की गई। कंपनी के प्रेसिडेंट अंकुश शुक्ला का आरोप है कि कपिल मिश्रा और भुवनेश्वर मिश्रा ने अपनी पहचान छिपाकर कंपनी में नौकरी हासिल की और सेल्स विभाग में रहते हुए क्लाइंट डेटाबेस, प्राइसिंग स्ट्रैटजी सहित अन्य गोपनीय सूचनाओं तक पहुंच बनाई।
कंपनी के मुताबिक, नौकरी छोड़ने के बाद दोनों भाइयों ने ‘वैदिक टेक सॉल्यूशन’ और ‘वज्र पावर अर्थिंग’ नाम से अपनी कंपनियां शुरू कीं। आरोप है कि उन्होंने एसजी पावर के गोपनीय डेटा का इस्तेमाल कर कंपनी के ग्राहकों से संपर्क किया और फर्जी पहचान के जरिए नई प्राइसिंग जानकारी हासिल कर कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाया। कंपनी का दावा है कि इस कथित धोखाधड़ी से करीब दो करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
कंपनी ने पहले पुलिस और पुलिस आयुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर अदालत की शरण ली। अदालत के निर्देश के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
उधर, सेक्टर-126 थाना पुलिस ने पीजी, हॉस्टल और किराये के कमरों को निशाना बनाने वाले 36 वर्षीय शातिर चोर बालन गोविंदन को गिरफ्तार किया है। तमिलनाडु निवासी आरोपी के पास से 6 चोरी के लैपटॉप, 7 मोबाइल फोन, एक चोरी की बाइक, नकद राशि और एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी छात्र-छात्राओं और नौकरीपेशा लोगों के ठिकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


