नोएडा। देश की सबसे आधुनिक और हाईटेक सिटी कहलाने वाले नोएडा की जमीनी हकीकत अब सवालों के घेरे में है। सड़कों पर घूम रही प्यास से बेहाल गऊ माता, बंद पड़े सार्वजनिक शौचालय, गरीबों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था का अभाव और साप्ताहिक बाजारों से जाम की समस्या को लेकर राष्ट्रीय हनुमान दल ने सीधा मोर्चा खोल दिया है।

राष्ट्रीय हनुमान दल के जिला संगठन महामंत्री एन०के० सोलंकी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर नोएडा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पत्र में कहा गया है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद शहर में मूलभूत सुविधाओं की हालत बदतर बनी हुई है।
“गऊ माता सड़क पर, पानी की एक बूंद तक नहीं”
पत्र में सबसे बड़ा मुद्दा नोएडा की सड़कों पर घूम रही गऊ माता का उठाया गया है। आरोप लगाया गया कि भीषण गर्मी के बावजूद शहर के चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर पशुओं के लिए पानी की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। एन०के० सोलंकी ने मांग की है कि हर प्रमुख चौराहे पर गऊ माता के लिए पानी की टंकियां और पीने की व्यवस्था तत्काल कराई जाए।
गरीबों के लिए RO तक नहीं
पत्र में यह भी कहा गया कि नोएडा में बड़ी-बड़ी परियोजनाओं पर करोड़ों खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन मजदूरों और गरीब लोगों के लिए शुद्ध पानी तक उपलब्ध नहीं है। मांग की गई कि जहां सार्वजनिक शौचालय बने हुए हैं, वहां एक-एक आरओ प्लांट लगाया जाए ताकि गरीब और मजदूर वर्ग को गर्मी में पीने का साफ पानी मिल सके।
साप्ताहिक बाजार बना मुसीबत
राष्ट्रीय हनुमान दल ने साप्ताहिक बाजारों को लेकर भी बड़ा मुद्दा उठाया है। पत्र में कहा गया कि कई जगह बाजार सीधे सोसायटियों के आसपास लगाए जा रहे हैं, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी और जाम का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने मांग की है कि ऐसे बाजारों को चिन्हित कर अलग स्थानों पर शिफ्ट किया जाए।
करोड़ों के शौचालय, लेकिन ताले लटके
नोएडा में बने सार्वजनिक शौचालयों की हालत पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। आरोप है कि अधिकतर शौचालय बंद पड़े हैं और जो खुले हैं उनकी स्थिति बेहद खराब है। पत्र में प्राधिकरण से मांग की गई है कि सभी बंद शौचालयों को तुरंत चालू कराया जाए और उनका नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।
“जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करना बंद करे प्राधिकरण”
एन०के० सोलंकी ने मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि यह केवल किसी एक संगठन का मुद्दा नहीं बल्कि पूरे नोएडा की जनता से जुड़ी समस्याएं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जनता के साथ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।






