नोएडा। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) के फुटबॉल स्टेडियम में रविवार को अंतरिक्ष विज्ञान का रोमांचक नजारा देखने को मिला। इन-स्पेस के सहयोग से आयोजित विशेष रॉकेट लॉन्चिंग प्रदर्शन में एक के बाद एक चार रॉकेटों का सफल प्रक्षेपण किया गया।
चार रॉकेटों की सफल लॉन्चिंग से छात्रों में बढ़ा उत्साह
मैदान से रॉकेटों के उड़ान भरते ही स्टेडियम में मौजूद छात्रों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। अंतरिक्ष विज्ञान और रॉकेट तकनीक से जुड़े इस लाइव प्रदर्शन ने छात्रों को विज्ञान और नई तकनीक को करीब से समझने का अवसर दिया।
देश की चार प्रमुख स्टार्टअप टीमों ने लिया हिस्सा
इस विशेष प्रदर्शन में देश की चार प्रमुख स्टार्टअप टीमों थ्रस्ट टेक, सिनोडिक, रमन रिसर्च और बास टेक्नोलॉजीज ने भाग लिया। सभी टीमों ने अपने-अपने रॉकेट की तकनीकी विशेषताओं और प्रक्षेपण प्रक्रिया की जानकारी भी दी।
लाइव डेमोंस्ट्रेशन में दिखाई रॉकेट तकनीक
स्टार्टअप टीमों ने रॉकेट लॉन्चिंग की प्रक्रिया का लाइव डेमोंस्ट्रेशन किया। इस दौरान छात्रों और शिक्षकों ने रॉकेट तकनीक, उसकी कार्यप्रणाली और प्रक्षेपण से जुड़े विभिन्न पहलुओं को करीब से देखा और समझा।


