
नोएडा । फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (FONRWA) ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी से जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर FONRWA की कार्यकारिणी के साथ शीघ्र बैठक आयोजित करने की मांग की है। FONRWA पदाधिकारियों के अनुसार, पिछले छह माह से अधिक समय से बैठक आयोजित करने का अनुरोध किया जा रहा है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी से कई बार व्यक्तिगत रूप से भी आग्रह किया गया। उनके निर्देश पर FONRWA ने 13 जुलाई 2026 को बैठक का विस्तृत एजेंडा और ज्ञापन प्राधिकरण को सौंपा था।

लाखों निवासियों से जुड़े मुद्दों पर संवाद जरूरी
FONRWA अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने कहा कि इतने लंबे समय के बाद भी बैठक की तारीख निर्धारित नहीं होना बेहद खेदजनक है। उन्होंने कहा कि FONRWA द्वारा उठाए गए मुद्दे किसी एक संस्था तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नोएडा के लाखों निवासियों से जुड़े जनहित के विषय हैं। ज्ञापन में नागरिक सुविधाओं और विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान के साथ प्राधिकरण के कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी जैसी शिकायतों पर प्रभावी अंकुश लगाने के सुझाव भी दिए गए हैं।
23 जुलाई के निर्देश के बाद भी कार्रवाई रिपोर्ट नहीं मिली
FONRWA महासचिव के.के. जैन ने कहा कि 23 जुलाई 2026 को मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को FONRWA के ज्ञापन में उठाए गए विभिन्न बिंदुओं और समस्याओं पर नियमानुसार कार्रवाई कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। इसका उद्देश्य FONRWA पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की कार्रवाई करना था। हालांकि, उनके अनुसार काफी समय बीतने के बावजूद संबंधित मामलों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
9 अक्टूबर 2025 की बैठक के निर्णय भी लंबित
FONRWA ने कहा कि 9 अक्टूबर 2025 को नोएडा प्राधिकरण के साथ हुई बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों पर भी अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। संगठन ने मांग की है कि FONRWA कार्यकारिणी के साथ जल्द बैठक की तारीख तय की जाए, 13 जुलाई 2026 के ज्ञापन के प्रत्येक बिंदु पर विभागों की कार्रवाई आख्या उपलब्ध कराई जाए और 9 अक्टूबर 2025 के लंबित निर्णयों पर तत्काल कार्रवाई हो। साथ ही प्राधिकरण के कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही तथा भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी से संबंधित शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई है। महासचिव के.के. जैन ने कहा कि FONRWA प्राधिकरण के साथ सकारात्मक और रचनात्मक संवाद के पक्ष में है तथा उम्मीद है कि जल्द बैठक आयोजित कर जनहित के लंबित मामलों के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।


