
नोएडा। नवरात्रि के पावन अवसर पर शुक्रवार को छतरपुर स्थित श्री आद्या कात्यायनी शक्तिपीठ में ‘अनहद नाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेक्टर-128 निवासी प्रसिद्ध एनर्जी हीलर एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शक रेखा मल्होत्रा के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष सत्र में दिल्ली-एनसीआर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

इच्छा पूर्ति और मन की शांति पर रहा जोर
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव कराना रहा। सत्र के दौरान श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से ‘ॐ ऐं ह्रीं क्लीं चामुंडायै विच्चे’ मंत्र का जाप किया। आयोजकों के अनुसार, श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की आराधना कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति और जीवन में सकारात्मकता की कामना की।
ध्यान और ऊर्जा हीलिंग का कराया अभ्यास
रेखा मल्होत्रा ने कहा कि जब मन पूरी तरह शांत होता है, तभी व्यक्ति भीतर अनहद नाद का अनुभव कर सकता है। उन्होंने कहा, “ममता और वात्सल्य ही वे अदृश्य धागे हैं, जिनसे परमात्मा ने हम सबको एक-दूसरे से जोड़ रखा है।” उनके मार्गदर्शन में श्रद्धालुओं ने आभामंडल शुद्धि और आंतरिक अवरोधों को दूर करने से जुड़े अभ्यास किए।
20 वर्षों से आध्यात्मिक मार्गदर्शन के क्षेत्र में सक्रिय
आयोजकों के अनुसार, रेखा मल्होत्रा पिछले 20 वर्षों से ऊर्जा हीलिंग, ध्यान और आध्यात्मिक मार्गदर्शन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह लोगों को आत्मिक संतुलन, मानसिक शांति और सकारात्मक सोच की दिशा में प्रेरित कर रही हैं। कार्यक्रम के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक साधना और आत्मचिंतन के महत्व से अवगत कराया गया।


