नोएडा। कलाधाम सोसायटी में बोरिंग के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबकर छह वर्षीय अव्यान की मौत के बाद उसके पिता और केंद्रीय विद्यालय के उप प्रधानाचार्य सीवान यादव ने पुलिस को प्रार्थना-पत्र देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अधिकारियों और बोरिंग कराने वाले ठेकेदार की लापरवाही ने उनके बेटे की जान ले ली।
क्रिकेट खेलते समय गड्ढे में गिरा अव्यान
पीड़ित पिता के अनुसार, शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे अव्यान अपने साथी लवकुश के साथ सोसायटी की पार्किंग नंबर-1 के पास क्रिकेट खेल रहा था। खेल के दौरान गेंद पानी से भरे गड्ढे में चली गई। गेंद निकालने के प्रयास में अव्यान गड्ढे में गिर गया और डूब गया।
लोगों ने बाहर निकाला, लेकिन नहीं बच सकी जान
अव्यान के साथी लवकुश के शोर मचाने पर सोसायटी निवासी कलाकार हरमीत रतन और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद बच्चे को गड्ढे से बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक काफी देर हो चुकी थी और चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुरक्षा इंतजाम होते तो बच सकती थी जान
सीवान यादव का कहना है कि यदि गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टिव मार्किंग और अन्य सुरक्षा उपाय किए गए होते तो उनके बेटे की जान बच सकती थी। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।


