नोएडा के सेक्टर-75 की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान के लिए रविवार को विधायक पंकज सिंह ने स्थानीय निवासियों और नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। सेक्टर-26 स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में विभिन्न आवासीय सोसायटियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
लंबित समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश
बैठक में विधायक पंकज सिंह ने सेक्टर-75 की लंबित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा समाप्त होने के बाद नोएडा प्राधिकरण और संबंधित बिल्डर मिलकर क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू करेंगे।
सड़क, ट्रैफिक और स्ट्रीट लाइट सुधार पर जोर
एपेक्स एथेना के एओए सचिव राहुल सिन्हा ने बताया कि विधायक ने खराब स्ट्रीट लाइटों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने, डीसीपी ट्रैफिक से सेक्टर का निरीक्षण कर जाम की समस्या दूर कराने तथा मॉल से होने वाले ध्वनि प्रदूषण पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और प्राधिकरण की संयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नई सुविधाओं के विकास पर बनी सहमति
बैठक में ओपन जिम, सेक्टर के सौंदर्यीकरण, सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार, सोसायटियों के रखरखाव, नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान, सेक्टर-15 सबस्टेशन से जुड़ी लोड शेडिंग की समस्या के स्थायी समाधान तथा इंडोसम पार्क के विकास और नई सुविधाओं के विस्तार पर भी सहमति बनी।


