नोएडा। सेक्टर-105 में लंबे समय से सीएनजी पंप की ओर से आ रहे गंदे पानी और जलभराव की समस्या का मंगलवार को समाधान कर दिया गया। पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार के हस्तक्षेप के बाद नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने समस्या का तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इससे सेक्टरवासियों को बड़ी राहत मिली।
उच्चस्तरीय टीम ने किया निरीक्षण
महाप्रबंधक (सिविल) ए.के. अरोड़ा, जन स्वास्थ्य विभाग के सीएमई आर.एस. यादव, जल एवं सीवर विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक अशोक वर्मा समेत बिजली विभाग के अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। टीम ने जलभराव के कारणों का आकलन किया और मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया शुरू कराई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश भी दिए।
नाले की सफाई कर रोका गंदे पानी का बहाव
निरीक्षण के दौरान सीएनजी पंप की ओर से आ रहे गंदे पानी के बहाव को रुकवाया गया। साथ ही पूरी तरह जाम हो चुके नाले की मौके पर ही सफाई कराकर जल निकासी सुचारु कराई गई। अधिकारियों ने भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो, इसके लिए भी आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया।
आरडब्ल्यूए ने जताया आभार
सेक्टर-105 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने प्राधिकरण की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि नाले की सफाई के बाद अब गंदा पानी सेक्टर की नालियों में वापस नहीं आएगा। आरडब्ल्यूए और सेक्टरवासियों ने पूर्व आईएएस डॉ. प्रदीप कुमार तथा नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का समस्या के शीघ्र समाधान के लिए आभार व्यक्त किया।


