नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों को दिसंबर से लग्जरी होटल की सुविधा मिलने लगेगी। एयरपोर्ट परिसर में रोजिएट ग्रुप 220 कमरों का आधुनिक होटल तैयार कर रहा है, जिसका निर्माण अंतिम चरण में है। होटल के साथ लाउंज, रेस्तरां और अन्य प्रीमियम सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। एयरपोर्ट प्रबंधन का लक्ष्य दिसंबर तक होटल का संचालन शुरू करना है।
यात्रियों के लिए बढ़ाई जा रही सुविधाएं
एयरपोर्ट पर उड़ानें शुरू हुए तीन सप्ताह हो चुके हैं और 15 से अधिक शहरों के लिए घरेलू उड़ानें संचालित हो रही हैं। लगातार बढ़ रहे यात्री भार को देखते हुए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। फिलहाल यात्रियों को रेस्तरां, ड्यूटी फ्री दुकानें और खानपान की सुविधाएं मिल रही हैं। हालांकि, ठहरने और आराम करने के लिए अभी तक कोई व्यवस्था उपलब्ध नहीं है।
75 प्रतिशत से अधिक पूरा हुआ निर्माण
एयरपोर्ट प्राधिकरण के अनुसार होटल निर्माण का 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। होटल में बैंक्वेट हॉल, मल्टी-क्यूज़ीन डाइनिंग, वेलनेस सेंटर, हाईटेक जिम और स्विमिंग पूल जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसका उद्देश्य घरेलू और विदेशी यात्रियों को विश्वस्तरीय सेवाएं उपलब्ध कराना है। होटल शुरू होने से ट्रांजिट यात्रियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
नवंबर तक शुरू हो सकती हैं अंतरराष्ट्रीय उड़ानें
घरेलू उड़ानों के बाद अब एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल को भी तेजी से तैयार किया जा रहा है। एयरपोर्ट प्रबंधन को उम्मीद है कि नवंबर तक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन शुरू हो जाएगा। इसके लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे और यात्री सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।


