
नोएडा। शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा की स्मृति में नोएडा स्टेडियम में आयोजित 26वें कैप्टन शशिकांत शर्मा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन क्रिकेट का जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। दिन के दोनों मुकाबलों में बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले मुकाबले में गत विजेता खुर्राट इलेवन ने पायनियर क्रिकेट क्लब को पांच विकेट से हराया, जबकि दूसरे मैच में स्टार इलेवन ने 202 रन का लक्ष्य पांच गेंद शेष रहते छह विकेट खोकर हासिल कर लिया।

खुर्राट इलेवन ने पायनियर क्रिकेट क्लब को हराया
दिन के पहले मुकाबले में खुर्राट इलेवन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पायनियर क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 110 रन बनाए। टीम की ओर से दिनेश ने 38 और विक्की ने 24 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी खुर्राट इलेवन ने 16 ओवर में पांच विकेट खोकर 111 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
हरीश और मनीष ने खेली तूफानी पारियां
खुर्राट इलेवन की जीत में हरीश और मनीष की बल्लेबाजी निर्णायक रही। हरीश ने छह छक्कों और दो चौकों की मदद से नाबाद 56 रन बनाए, जबकि मनीष ने सात छक्कों की मदद से 52 रन की तेजतर्रार पारी खेली। गेंदबाजी में संजीव ने चार ओवर में 12 रन देकर दो विकेट, सन्नी ने चार ओवर में 18 रन देकर दो विकेट और मनीष ने तीन ओवर में 24 रन देकर दो विकेट हासिल किए। पायनियर के राजेश ने चार ओवर में 29 रन देकर चार विकेट लिए। शानदार बल्लेबाजी के लिए हरीश को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मानव सेवा समिति के अध्यक्ष यू.के. भारद्वाज, उपाध्यक्ष आर.के. शर्मा, सचिव अतुल गौड़ और क्यूरेटर अनवर अली ने उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
स्टार इलेवन ने 202 रन का लक्ष्य किया हासिल
दिन के दूसरे मुकाबले में स्किल इंडिया पावर और स्टार इलेवन के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए स्किल इंडिया पावर ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट खोकर 202 रन बनाए। मयंक राघव ने 55 गेंदों में चार छक्कों और 13 चौकों की मदद से 91 रन की शानदार पारी खेली। मोहनीश ने भी चार छक्कों और चार चौकों की मदद से 46 रन बनाए। स्टार इलेवन की ओर से सार्थक चेची और गोपाल चाहर ने एक-एक विकेट लिया।


