
नोएडा। फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद (एफएनजी) मार्ग पर पर्थला स्थित केबल सस्पेंशन ब्रिज के नीचे अंडरपास बनाने की प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ेगी। प्राधिकरण ने इसका डिजाइन तैयार कर लिया है और अगले सप्ताह तक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होने की उम्मीद है। डिजाइन की जांच आईआईटी दिल्ली से कराई जाएगी। इसके बाद मिट्टी की जांच समेत अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।

84 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण
अंडरपास का निर्माण करीब 84 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। छह लेन के इस अंडरपास की कुल लंबाई लगभग 710 मीटर होगी। इसमें दोनों दिशाओं में तीन-तीन लेन बनाई जाएंगी। परियोजना का काम शुरू होने के बाद इसे पूरा करने में करीब डेढ़ साल का समय लगेगा।
आरसीसी बॉक्स और पंपिंग सिस्टम की होगी व्यवस्था
परियोजना के तहत 110 मीटर लंबा आरसीसी बॉक्स बनाया जाएगा। इसके अलावा 20 मीटर का खुला हिस्सा और दोनों ओर 280-280 मीटर लंबे पहुंच मार्ग तैयार किए जाएंगे। बारिश के दौरान अंडरपास में जलभराव की समस्या से बचाने के लिए दो संप और पंपिंग व्यवस्था भी विकसित की जाएगी, जिससे पानी की निकासी में मदद मिलेगी।
कई प्रमुख मार्गों पर जाम से मिलेगी राहत
पर्थला क्षेत्र से गाजियाबाद, एनएच-9, मेरठ एक्सप्रेसवे और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के लिए यातायात गुजरता है। भविष्य में फरीदाबाद की ओर जाने वाले मार्ग से भी कनेक्टिविटी बढ़ने की संभावना है। इस कारण यहां दिनभर वाहनों का दबाव बना रहता है और व्यस्त समय में जाम की स्थिति गंभीर हो जाती है। अंडरपास बनने से यातायात को सुचारु करने और वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।


