नोेएडा।जिला औषधि विभाग ने अप्रैल 2025 से जुलाई 2026 तक विशेष अभियान चलाकर करीब 2.60 करोड़ रुपये की दवाइयां बरामद की हैं। इस दौरान सरकारी और निजी संस्थानों समेत कुल 126 स्थानों का निरीक्षण किया गया। अभियान के तहत सात स्थानों पर छापेमारी की गई, जहां विभिन्न अनियमितताएं सामने आने पर कार्रवाई की गई। विभाग ने अब तक सात लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
73 दवा सैंपल जांच के लिए भेजे, एक अधोमानक मिला
निरीक्षण के दौरान 73 दवा सैंपल एकत्र किए गए, जिनमें कफ सिरप, टैबलेट, कॉस्मेटिक और अन्य दवाइयां शामिल थीं। सभी सैंपलों को जांच के लिए गोरखपुर लैब भेजा गया। अब तक 49 सैंपलों की जांच रिपोर्ट विभाग को प्राप्त हो चुकी है। इनमें से एक सैंपल अधोमानक (सब-स्टैंडर्ड) पाया गया, जिसके संबंध में संबंधित संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मेडिकल स्टोर से लेकर अस्पतालों तक चला अभियान
जिला औषधि विभाग ने अभियान के दौरान मेडिकल स्टोर, दवा निर्माण इकाइयों, सरकारी अस्पतालों, निजी अस्पतालों और ब्लड बैंक का व्यापक निरीक्षण किया। विभाग का उद्देश्य दवाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और अवैध दवा कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना रहा। लगातार निरीक्षण और सैंपलिंग के जरिए विभाग संदिग्ध दवाइयों पर नजर बनाए हुए है।
कासना के न्यू अमित मेडिकल स्टोर पर बड़ी कार्रवाई
सात स्थानों पर की गई छापेमारी में हाल ही में कासना स्थित न्यू अमित मेडिकल स्टोर पर की गई कार्रवाई प्रमुख रही। यहां से बड़ी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद की गई थीं। विभाग का कहना है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और दवा कारोबार में अनियमितता पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


