ग्रेटर नोएडा। यमुना अथॉरिटी क्षेत्र में संचालित इलेक्ट्रिक सिटी बसों को जल्द ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में चार्जिंग की सुविधा मिलेगी। इसके लिए यमुना अथॉरिटी एयरपोर्ट प्रबंधन के साथ अनुबंध करेगी। दो चार्जिंग स्टेशनों पर एक समय में चार बसें चार्ज की जा सकेंगी, जिससे बसों के फेरे बढ़ेंगे और संचालन अधिक सुचारु होगा।
नोएडा जाकर चार्ज करने की जरूरत होगी खत्म
अभी तक इलेक्ट्रिक बसों को चार्जिंग के लिए नोएडा जाना पड़ता था, जिससे समय और संचालन दोनों प्रभावित होते थे। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना अथॉरिटी संयुक्त रूप से 100 सिटी बसों का संचालन कर रही हैं, जिनमें 25 बसें यमुना अथॉरिटी के अधीन हैं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद बसों का समय बचेगा और यात्रियों को बेहतर सेवा मिलेगी।
सेक्टर-23सी में बनेगा आधुनिक चार्जिंग बस डिपो
यमुना अथॉरिटी सेक्टर-23सी में लगभग पांच एकड़ भूमि पर चार्जिंग बस डिपो विकसित करेगी। इसके लिए जमीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। यीडा के एसीईओ राजेश कुमार ने बताया कि एयरपोर्ट प्रबंधन के साथ एक-दो दिन में अनुबंध होने की संभावना है, जिसके बाद बसों की चार्जिंग सुविधा शुरू हो जाएगी।
कासना और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भी बढ़ेगी चार्जिंग सुविधा
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कासना बस डिपो में पांच चार्जिंग स्टेशन तैयार कर रहा है। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भी नए चार्जिंग स्टेशन बनाने के लिए स्थान चिन्हित किए जा रहे हैं। प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि कासना बस डिपो के चार्जिंग स्टेशन जल्द ही शुरू कर दिए जाएंगे, जिससे इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को और मजबूती मिलेगी।


