नोएडा। फेज-1 थाना पुलिस ने गांजा तस्कर नूरी को सात घंटे की रिमांड पर लेकर उससे गिरोह, नेटवर्क और अवैध कारोबार से जुड़े 23 सवाल पूछे। पूछताछ के दौरान पुलिस ने कई अहम जानकारियां जुटाईं और करीब तीन लाख रुपये कीमत का 21 किलो गांजा बरामद किया।
गिरोह की अवैध संपत्ति पर भी कसेगा शिकंजा
पुलिस अब केवल मादक पदार्थों की तस्करी ही नहीं, बल्कि गिरोह की अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।
सरेंडर के बाद रिमांड पर ली गई नूरी
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-20 थाना पुलिस द्वारा गिरोह के खिलाफ कार्रवाई के बाद नूरी भूमिगत हो गई थी। बाद में उसने 23 जुलाई को न्यायालय में सरेंडर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने अदालत से रिमांड लेकर उससे पूछताछ की।
सेक्टर-9 के खंडहरनुमा मकान से मिला 21 किलो गांजा
एसीपी द्वितीय मयंक तिवारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान नूरी से मादक पदार्थों की खरीद, भंडारण, सप्लाई चेन, आर्थिक स्रोत और सहयोगियों के बारे में जानकारी ली गई। उसकी निशानदेही पर सेक्टर-9 स्थित एक खंडहरनुमा मकान से कट्टे में रखा 21 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया।
नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अब नूरी से मिली जानकारी के आधार पर उसके पूरे नेटवर्क, सहयोगियों और तस्करी के अन्य ठिकानों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


