नोएडा। सेक्टर-93बी स्थित द फारेस्ट स्पा सोसायटी के फ्लैट खरीदारों का 10 साल लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। शुक्रवार को सेक्टर-33 स्थित निबंधन विभाग कार्यालय में सोसायटी की पहली फ्लैट रजिस्ट्री संपन्न हुई, जिससे खरीदारों में खुशी की लहर दौड़ गई।
पहली रजिस्ट्री के बाद मनाई गई खुशी
रजिस्ट्री पूरी होने के बाद एआईजी प्रथम अरुण कुमार शर्मा ने खरीदार को रजिस्ट्री के दस्तावेज सौंपे। इस अवसर पर फ्लैट खरीदारों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। लंबे समय से सोसायटी के कई फ्लैट खरीदारों की रजिस्ट्रियां विभिन्न कारणों से लंबित थीं।
हाई कोर्ट में समझौते से खुला रजिस्ट्री का रास्ता
द फारेस्ट स्पा सोसायटी के मामले में एओए (अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन) और बिल्डर के बीच चल रहा कानूनी विवाद हाई कोर्ट में लिखित समझौते के बाद समाप्त हुआ। इसके बाद रजिस्ट्री का रास्ता साफ हो गया। बिल्डर ने नोएडा प्राधिकरण के साथ समन्वय स्थापित कर रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी कराने का लिखित आश्वासन भी दिया।
सरोज रानी के फ्लैट की हुई पहली रजिस्ट्री
शुक्रवार को फ्लैट संख्या बी-302 की पहली रजिस्ट्री हुई, जिसकी मालिक सरोज रानी हैं। इस उपलब्धि पर सोसायटी के खरीदारों ने एओए अध्यक्ष और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें इसका श्रेय दिया।
अधूरे कार्य पूरे करने पर भी बनी सहमति
बिल्डर और एओए के बीच कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर लिखित समझौता हुआ है, जिसे हाई कोर्ट में भी दर्ज किया गया है। समझौते के तहत सोसायटी के अधूरे विकास कार्य और अन्य सुविधाएं पूरी करने के लिए बिल्डर ने एओए को आवश्यक फंड उपलब्ध कराने और बकाया राशि के पोस्ट डेटेड चेक (PDC) भी सौंपे हैं।


