
ग्रेटर नोएडा । ग्रेटर नोएडा के पाई-1 स्थित ऐच्छर गांव की पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) शाखा में खाताधारकों की रकम में कथित हेरफेर के मामले में बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने बैंक कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी विनोद कुमार के अनुसार, 20 खाताधारकों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। इन खाताधारकों के करीब 17 करोड़ रुपये बैंक से निकलने की बात सामने आई है।

बैंक के बाहर धरना, 100 करोड़ से अधिक के घोटाले की आशंका
मामले को लेकर बैंक के बाहर खाताधारक और अन्य लोग धरना दे रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बैंक में हुई कथित गड़बड़ी का दायरा काफी बड़ा हो सकता है और घोटाले की रकम 100 करोड़ रुपये से अधिक होने की आशंका है। हालांकि, इस राशि की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। जांच के बाद ही कथित घोटाले की वास्तविक रकम स्पष्ट हो सकेगी।
छह खातों में ट्रांसफर की गई रकम
मंगलवार को पीड़ित श्रीचंद, अतेंद्र, चतर सिंह, विजयपाल, अमीचंद और बिजेंद्र समेत अन्य खाताधारकों ने बीटा-2 थाने में शिकायत दी। उनका आरोप है कि बैंक कर्मचारियों की कथित मिलीभगत से उनकी अनुमति के बिना खातों से रकम निकालकर दूसरे खातों में ट्रांसफर की गई। सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में रकम छह खातों में भेजे जाने की बात सामने आई है।
आठ कर्मचारी निलंबित, मुंबई और नोएडा की टीमें जांच में जुटीं
सूत्रों के मुताबिक, रकम ट्रांसफर करने के लिए इस्तेमाल किए गए छह खातों को फ्रीज किए जाने तक पैसा दूसरे खातों में भेजा जा चुका था। बैंक के एक अधिकारी ने बताया कि मामले में आठ कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। मुंबई और नोएडा की टीमें भी जांच कर रही हैं। पुलिस और बैंक की जांच से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रकम किस तरह निकाली गई और कथित गड़बड़ी में कौन-कौन शामिल है।


