[gtranslate]
[gtranslate]

नोएडा: बहन से विवाद के बाद युवती की मौत, कमरे पर बाहर से ताला लगाकर फरार होने का शक

विज्ञापन

नोएडा। याकूबपुर की गली नंबर-12 में किराये के कमरे से 19 वर्षीय युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवती का शव कमरे के अंदर पड़ा था और कमरे पर बाहर से ताला लगा हुआ था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ताला तोड़कर शव को बाहर निकाला। पुलिस को शक है कि युवती की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। मामले में उसकी बड़ी बहन और जीजा की भूमिका की जांच की जा रही है।

विज्ञापन

चार दिन पहले ही किराये पर लिया था कमरा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, 19 वर्षीय मनीषा, उसकी बड़ी बहन और जीजा ने करीब चार दिन पहले याकूबपुर की गली नंबर-12 स्थित एक बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर कमरा किराये पर लिया था। मनीषा एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी। सोमवार शाम करीब पांच बजे दोनों बहनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद बड़ी बहन छोटी बहन को कमरे में छोड़कर चली गई। पुलिस को आशंका है कि युवती को धक्का लगा या वह गिर गई, जिससे उसके सिर में चोट आई और नाक से खून निकलने के बाद उसकी मौत हुई।

जीजा ने मकान मालिक को फोन कर दी थी झगड़े की सूचना

घटना के बाद बड़ी बहन के पति ने मकान मालिक को फोन कर बताया कि दोनों बहनों के बीच झगड़ा हो रहा है और उन्हें आकर शांत करा दें। मकान मालिक जब कमरे पर पहुंचा तो बाहर से ताला लगा मिला। खिड़की से अंदर देखने पर छोटी बहन का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा दिखाई दिया। इसके बाद मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का ताला तोड़ा और शव को बाहर निकाला। घटना के बाद से बड़ी बहन और उसके पति के मोबाइल फोन बंद हैं।

बिना पहचान पत्र लिए ही दे दिया था कमरा

मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि तीनों लोग करीब चार दिन पहले कमरा देखने आए थे। उसने बिना आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र लिए ही उन्हें कमरा किराये पर दे दिया था। पुलिस अब मकान मालिक से पूछताछ करने के साथ ही मृतका के परिवार का पता लगाने में जुटी है। बड़ी बहन और जीजा की तलाश के लिए टीम लगाई गई है। फेज-2 थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि अभी मौत की वजह स्पष्ट नहीं है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति साफ होगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल इसे हत्या कहना जल्दबाजी होगी।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

नोएडा से 2027 विधानसभा चुनाव कौन जीतेगा?

View Results

Loading ...

आज का राशिफल देखें