
नोएडा। बिजली कनेक्शन की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों के खिलाफ सेक्टर-113 थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने 40 नामजद और करीब 200 अज्ञात किसानों को आरोपी बनाया है। आरोप है कि 21 सितंबर को सेक्टर-123 स्थित पृथला फ्लाईओवर के पास डूब क्षेत्र में प्रदर्शन के दौरान माहौल बिगड़ गया था।

भाषण के दौरान सीएम के घेराव की चेतावनी
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान किसानों ने उग्र भाषण दिए और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में घेराव करने की चेतावनी दी। इसके बाद भीड़ सड़क की ओर पहुंच गई और नारेबाजी शुरू कर दी। इससे मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।
सड़क जाम और सरकारी संपत्ति को नुकसान का आरोप।
आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने मुख्य मार्ग पर पहुंचकर सड़क जाम कर दी। इस दौरान सरकारी गमलों और अन्य संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है। सड़क पर भीड़ जुटने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।
पुलिस से धक्का-मुक्की का भी आरोप
पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। हंगामे के दौरान भगदड़ जैसी स्थिति बनने से राहगीरों में भी अफरातफरी मच गई। पुलिस ने प्रदर्शन के अगले दिन 22 सितंबर को किसानों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


