
नोएडा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए डीके शर्मा को नोएडा महानगर का नया प्रभारी नियुक्त किया है। 19 सितंबर 2026 को जारी भाजपा की नई सूची में नोएडा महानगर की जिम्मेदारी डीके शर्मा को दी गई उनका पूरा नाम देवेंद्र कुमार शर्मा है, जबकि गौतमबुद्धनगर जिले की जिम्मेदारी कांता कर्दम को मिली है। यानी नोएडा महानगर और गौतमबुद्धनगर संगठन के लिए अलग-अलग प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।

बुलंदशहर से शुरू हुआ संगठनात्मक सफर
डीके शर्मा का भाजपा संगठन में लंबा अनुभव रहा है। जनवरी 2013 में उन्हें भाजपा बुलंदशहर का जिलाध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद 2018 में भाजपा की पश्चिम क्षेत्रीय कमेटी में उन्हें क्षेत्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। डीके शर्मा का राजनीतिक सफर सिर्फ पार्टी संगठन तक सीमित नहीं रहा। सितंबर 2021 में वे बुलंदशहर जिला सहकारी बैंक के निर्विरोध चेयरमैन चुने गए और वर्तमान में भी चेयरमैन के पद पर कार्यरत है। उन्हें भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक के रूप में भी ज़िम्मेदारी दी गई थी ।
अब नोएडा की जिम्मेदारी, 2027 से पहले संगठन पर नजर
अब भाजपा ने डीके शर्मा को नोएडा महानगर का प्रभारी बनाया है। नोएडा की जिम्मेदारी ऐसे समय मिली है जब पार्टी 2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक स्तर पर बदलाव कर रही है। उनकी पिछली भूमिकाओं को देखें तो उनके पास बुलंदशहर में जिला संगठन, पश्चिम क्षेत्र और सहकारिता संगठन का अनुभव रहा है। नोएडा में नई जिम्मेदारी के तहत उनकी भूमिका स्थानीय संगठन और पार्टी नेतृत्व के बीच समन्वय, संगठनात्मक गतिविधियों तथा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद से जुड़ी होगी। हालांकि, उनकी नियुक्ति के साथ भाजपा ने अभी कोई अलग विस्तृत कार्ययोजना सार्वजनिक नहीं की है।

नोएडा में सबसे बड़ा सवाल क्या होगा?
डीके शर्मा के सामने अब नोएडा महानगर के स्थानीय संगठन को समझने और यहां की राजनीतिक-संगठनात्मक परिस्थितियों के साथ तालमेल बैठाने की जिम्मेदारी होगी। खास बात यह है कि नोएडा महानगर और गौतमबुद्धनगर जिले के लिए अलग-अलग प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। ऐसे में आने वाले समय में दोनों संगठनात्मक इकाइयों के बीच समन्वय भी महत्वपूर्ण रहेगा। 2027 चुनाव से पहले डीके शर्मा की नोएडा में सक्रियता और संगठन को लेकर उनकी रणनीति पर अब स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी।


