[gtranslate]
[gtranslate]

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, पतवारी में 152वें मारुति महायज्ञ का भव्य शुभारंभ

विज्ञापन

ग्रेटर नोएडा वेस्ट। सेक्टर-2 स्थित ग्राम पतवारी के सुप्रसिद्ध नव दुर्गा मंदिर प्रांगण में 152वें मारुति महायज्ञ का बुधवार को धार्मिक एवं वैदिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। यज्ञ के शुभारंभ के साथ ही पूरा क्षेत्र प्रभु श्रीराम और भक्त शिरोमणि हनुमान जी के जयकारों से गूंज उठा। महायज्ञ में पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और यज्ञ कुंड की परिक्रमा कर आहुति दी।

काशी के संत के सानिध्य में हो रहा महायज्ञ

मारुति महायज्ञ का आयोजन काशी के प्रसिद्ध संत, यज्ञ सम्राट पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी श्री जगदीश जी महाराज के दिव्य मार्गदर्शन एवं पावन सानिध्य में किया जा रहा है। स्वामी जगदीश जी महाराज पूज्य ब्रह्मर्षि देवरहा बाबा के परम शिष्य बताए जाते हैं। उनके निर्देशन में विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं।

विज्ञापन

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने पत्नी के साथ की अग्नि प्रज्ज्वलित

महायज्ञ के प्रथम दिन मुख्य अतिथि के रूप में गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा अपनी धर्मपत्नी श्रीमती दीपिका मिश्रा के साथ पहुंचे। मुख्य यजमानों और आचार्यों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने अग्नि प्रज्ज्वलित की। इसके साथ ही यज्ञ कुंडों में विधिवत आहुतियों का क्रम शुरू हुआ।

कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी भी शामिल हुए। उन्होंने यज्ञ में आहुति देकर विश्व कल्याण, शांति और समृद्धि की कामना की।

20 सितंबर को पूर्णाहुति, फिर होगा विशाल भंडारा

कार्यक्रम के मुख्य आयोजक महंत टीकम सिंह जी ने बताया कि यह धार्मिक अनुष्ठान 20 सितंबर तक निरंतर चलेगा। प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक मुख्य पूजन, हवन और धार्मिक पाठ आयोजित किए जाएंगे। 20 सितंबर को महायज्ञ की पूर्णाहुति के बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारेका आयोजन किया जाएगा।

फूलों और विद्युत सजावट से सजा मंदिर परिसर

महायज्ञ को लेकर नव दुर्गा मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों, ध्वजाओं और आकर्षक विद्युत लड़ियों से सजाया गया है। आयोजन के पहले ही दिन स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास की सोसायटियों और दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचे।

महंत टीकम सिंह ने धर्मप्रेमी लोगों और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में महायज्ञ में पहुंचकर यज्ञ की परिक्रमा करने, आहुति देने और धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने की अपील की। आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ मंदिर समिति के स्वयंसेवक भी तैनात हैं।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

नोएडा से 2027 विधानसभा चुनाव कौन जीतेगा?

View Results

Loading ...

आज का राशिफल देखें