नोएडा। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बुधवार से मतदान में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग शुरू की जाएगी। इस दौरान करीब तीन हजार मशीनों की जांच की जाएगी।
कड़ी सुरक्षा के बीच होगी ईवीएम-वीवीपैट की जांच
कलक्ट्रेट परिसर में बने वेयरहाउस में सीलबंद रखी गई ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की जांच कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद सही पाई जाने वाली मशीनों को आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान के लिए सुरक्षित रखा जाएगा।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में होगी प्रक्रिया
ईवीएम और वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में की जाएगी। जांच प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई जाएगी, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
खराबी आने पर इस्तेमाल होंगी रिजर्व मशीनें
जांच के दौरान कुछ ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को रिजर्व के रूप में अलग से सुरक्षित रखा जाएगा। मतदान के दौरान किसी मशीन में तकनीकी खराबी आने की स्थिति में इन रिजर्व मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा।


