नोएडा। जरूरतमंद मरीजों को दवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नोएडा लोकमंच की ओर से चलाए जा रहे ‘दवा दान करें, उम्मीद बांटें’ निःशुल्क दवा बैंक अभियान को समाजसेवी और फर्स्ट रिहैबवन फाउंडेशन के निदेशक डॉ. महिपाल सिंह लगातार सहयोग दे रहे हैं। उन्होंने अभियान के लिए दवाइयों से भरे कई बॉक्स उपलब्ध कराए हैं, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को दवा के लिए परेशान न होना पड़े।
दवा की कमी के कारण मरीज न सहें दर्द
डॉ. महिपाल सिंह ने लोगों से अपील की कि वे इस सामाजिक अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करें। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंदों तक दवाइयां पहुंचाने में योगदान देना चाहिए, जिससे कोई भी मरीज आर्थिक मजबूरी या दवा की कमी के कारण इलाज से वंचित न रहे।
तीस रुपये में स्वास्थ्य परामर्श की पहल की सराहना
डॉ. महिपाल सिंह ने नोएडा लोकमंच और फेलिक्स हॉस्पिटल की ओर से महज 30 रुपये में स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराने की पहल की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि कम खर्च में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और जरूरतमंदों को दवाइयां मुहैया कराने जैसी पहल समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
पहले भी निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगा चुके हैं
डॉ. महिपाल सिंह इससे पहले भी कई स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर चुके हैं, जिनमें जरूरतमंदों को निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। उनका कहना है कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में निरंतर सहयोग करना समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का एक माध्यम है।


