नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने बृहस्पतिवार को अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए गांव कोंडली बांगर और झट्टा में अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया। इस दौरान डूब क्षेत्र में बने सात अवैध फार्म हाउसों को ध्वस्त किया गया। साथ ही झट्टा गांव में दोबारा की जा रही अवैध प्लॉटिंग को भी पूरी तरह हटाया गया।
32,670 वर्गमीटर भूमि कराई गई अतिक्रमण मुक्त
प्राधिकरण की कार्रवाई के दौरान कुल 32,670 वर्गमीटर सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा और निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
वरिष्ठ प्रबंधक के नेतृत्व में चला अभियान
प्राधिकरण के वर्क सर्किल-10 के वरिष्ठ प्रबंधक विश्वास त्यागी के नेतृत्व में तोड़फोड़ टीम ने सुबह कोंडली बांगर गांव के डूब क्षेत्र में कार्रवाई शुरू की। अभियान के दौरान लगभग 10,000 वर्गमीटर भूमि पर बने सात अवैध फार्म हाउसों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।
विरोध के बावजूद जारी रही कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर तैनात भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्राधिकरण ने बिना किसी बाधा के अभियान पूरा करते हुए अवैध निर्माणों और प्लॉटिंग को हटा दिया।


