नोएडा। पिछले दिनों नोएडा में सीवर सफाई के दौरान हुई दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत के मामले में नोएडा प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण ने संबंधित बिल्डर और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए नोएडा प्राधिकरण, जिला प्रशासन और पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
एल्डिको सोसायटी में एसटीपी टैंक की सफाई के दौरान दो कर्मचारियों की मौत
सेक्टर-150 स्थित एल्डिको लीव ग्रीन वाई सोसायटी में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के इक्विटी टैंक की सफाई के दौरान दो कर्मचारियों की मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान सफाई कर्मी शशिकांत और सुरक्षा गार्ड आकाश के रूप में हुई। घटना के बाद प्राधिकरण के जल खंड-द्वितीय ने एल्डिको बिल्डर को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है।
लापरवाही की जांच, ठेकेदार भी कार्रवाई के दायरे में
प्राधिकरण ने मामले में प्रथम दृष्टया सुरक्षा मानकों की अनदेखी को गंभीर माना है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि सीवर सफाई के दौरान कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं। यदि नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो बिल्डर के साथ-साथ संबंधित ठेकेदार के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एनएचआरसी ने प्रशासन, पुलिस और प्राधिकरण से मांगी रिपोर्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने नोएडा प्राधिकरण, जिला प्रशासन और पुलिस से पूरी घटना की रिपोर्ट, की गई कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी मांगी है। आयोग के हस्तक्षेप के बाद मामले की जांच और जवाबदेही पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।


