नोएडा। सेक्टर-50 में एक महिला पर पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने हमला कर दिया। हमले के दौरान पिटबुल ने महिला को काट लिया, जिससे वह सड़क पर गिर गईं। गिरने से उनकी रीढ़ की हड्डी टूट गई। यह घटना इसी माह की बताई जा रही है।
पालतू कुत्ते को टहलाते समय हुआ हमला
नोफा के पूर्व अध्यक्ष एवं संस्थापक सदस्य राजीव सिंह ने बताया कि महिला अपने पालतू कुत्ते को टहला रही थीं। उसी दौरान एक अन्य निवासी अपने पिटबुल को लेकर वहां पहुंचा। अचानक पिटबुल ने महिला और उनके पालतू कुत्ते पर हमला कर दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।
आक्रामक नस्लों पर सख्त नीति की मांग
घटना का हवाला देते हुए राजीव सिंह ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश को पत्र लिखकर शहर में पिटबुल समेत आक्रामक नस्ल के कुत्तों को लेकर सख्त नीति लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जुर्माने के प्रावधान पर उठाए सवाल
पत्र में कहा गया है कि मौजूदा पेट पॉलिसी के तहत ऐसी घटनाओं में केवल 10 हजार रुपये का जुर्माना और चिकित्सा खर्च वहन करने का प्रावधान है, जो पर्याप्त नहीं है। उन्होंने आक्रामक नस्ल के कुत्तों के लिए कड़े नियम और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।


