नोएडा। फेज-1 थाना पुलिस ने सेक्टर-2 और सेक्टर-6 में संचालित दो अवैध कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। ये कॉल सेंटर बीमा पॉलिसी रिन्यू कराने और इंडिगो एयरलाइन में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी कर रहे थे। पुलिस ने दोनों स्थानों से दो-दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
छापेमारी में मिले मोबाइल, लैपटॉप और बैंक दस्तावेज
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपितों के कब्जे से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, पासबुक, लैपटॉप और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि कॉल सेंटर के जरिए लोगों को फोन कर झूठे वादों के आधार पर उनसे पैसे ऐंठे जाते थे।
इंडिगो में नौकरी दिलाने वाला सरगना अब भी फरार
पुलिस के अनुसार, इंडिगो एयरलाइन में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले कॉल सेंटर का मुख्य सरगना सोनू अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
25 शिकायतें दर्ज, लाइसेंस भी नहीं दिखा सके आरोपी
जांच में पता चला कि दोनों कॉल सेंटर बिना किसी वैध लाइसेंस के संचालित किए जा रहे थे। आरोपित पुलिस को कॉल सेंटर संचालन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। इनके बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर 25 शिकायतें पहले से दर्ज हैं।


