नोएडा। कर्मचारी भविष्य निधि (पीएफ) में अब तक नामांकन नहीं करा पाए कर्मचारियों के लिए ईपीएफओ ने विशेष पहल की है। जिन कर्मचारियों का पीएफ पंजीकरण नहीं हुआ है या किसी प्रतिष्ठान का पीएफ अनुपालन अधूरा है, उन्हें अब अपनी स्थिति सुधारने का अवसर मिलेगा।
उद्योगों और संस्थानों के लिए तीन योजनाएं लागू
ईपीएफओ, ग्रेटर नोएडा ने कर्मचारी नामांकन अभियान (ईईसी-2026), विश्वास योजना-2026 और एमनेस्टी योजना-2026 शुरू की हैं। इन योजनाओं का लाभ उद्योगों, अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और ठेकेदारों को मिलेगा। विभाग ने सभी नियोक्ताओं से इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।
सामाजिक सुरक्षा से जुड़ेंगे अधिक कर्मचारी
क्षेत्रीय आयुक्त-द्वितीय विजय कुमार ने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाना है। साथ ही नियोक्ताओं को वर्षों से लंबित पीएफ अनुपालन और अन्य कमियों को स्वेच्छा से दूर करने का अवसर भी दिया जा रहा है।
पीएफ पंजीकरण के साथ मिलेगा यूएएन और अन्य लाभ
कर्मचारी नामांकन अभियान के तहत ऐसे कर्मचारियों का भी पीएफ में पंजीकरण किया जाएगा, जो पात्र होने के बावजूद अब तक योजना से बाहर हैं। पंजीकरण के बाद कर्मचारियों को यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (यूएएन), भविष्य निधि और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।


