ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर को पहली बार अखिल भारतीय स्तर की जिम्नास्टिक्स प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित स्पोर्टीज जिम्नास्टिक्स हाई परफॉर्मेंस सेंटर में 24 से 26 जुलाई तक तीन दिवसीय स्पोर्टीज ओपन-2026 का आयोजन किया जाएगा।
600 से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा
प्रतियोगिता में देश के 10 राज्यों से 600 से अधिक युवा जिम्नास्ट भाग लेंगे। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, कर्नाटक, राजस्थान और पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
पहली बार आयोजित हो रही राष्ट्रीय प्रतियोगिता
स्पोर्टीज की ओर से यह पहली राष्ट्रीय स्तर की जिम्नास्टिक्स प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। आयोजकों का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को बड़ा मंच देना, उनकी प्रतिभा को निखारना और उन्हें उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव कराना है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर के उपकरणों पर होगा मुकाबला
प्रतियोगिता का आयोजन जिम्नास्टिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (जीएफआई) के नवीनतम दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा। पांच वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ी आर्टिस्टिक और रिदमिक जिम्नास्टिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में अंतरराष्ट्रीय स्तर के उपकरणों पर अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे।


