नोएडा। जेवर क्षेत्र की छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा का नया अवसर खुल गया है। नवनिर्मित राजकीय महिला डिग्री कॉलेज का शुभारंभ हो गया है। इसके शुरू होने से अब छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
सीसीएसयू से संबद्ध कॉलेज में शुरू हुआ बीए
राजकीय महिला डिग्री कॉलेज चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू), मेरठ से संबद्ध है। वर्तमान शैक्षणिक सत्र से यहां बीए पाठ्यक्रम की शुरुआत की गई है। कॉलेज में हिंदी, अंग्रेजी, शिक्षाशास्त्र, समाजशास्त्र, इतिहास, संस्कृत, अर्थशास्त्र और गृहविज्ञान सहित आठ विषयों की पढ़ाई होगी।
विधायक ने किया कॉलेज का उद्घाटन
बृहस्पतिवार को आयोजित कार्यक्रम में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कॉलेज का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस कॉलेज के शुरू होने से क्षेत्र की बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक सुविधा उपलब्ध होगी।
2019 में मिली थी स्वीकृति
विधायक ने बताया कि महाविद्यालय को वर्ष 2019 में भारत सरकार की प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम योजना के तहत स्वीकृति मिली थी। इसका शिलान्यास तत्कालीन उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने किया था। उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शिक्षा विकास के विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


