ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर में खेल विभाग बिना अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) के संचालित हो रहे 300 से अधिक जिम और फिटनेस सेंटरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का पालन नहीं करने वाले जिम संचालकों को अंतिम नोटिस जारी किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें बंद कराने के लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजा जाएगा।
केवल 59 संचालकों ने ली एनओसी
खेल विभाग के अनुसार, अब तक जिले में केवल 59 जिम संचालकों ने ही एनओसी प्राप्त की है। जबकि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में संचालित कई बड़े ब्रांड समेत 300 से अधिक जिम अब भी बिना एनओसी के चल रहे हैं।
कई महीनों से दी जा रही थी चेतावनी
विभाग पिछले कई महीनों से जिम और फिटनेस सेंटर संचालकों से एनओसी लेने की अपील करता रहा है। इसके बावजूद अधिकांश संचालकों ने नियमों का पालन नहीं किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर बिना एनओसी के जिम संचालित होते पाए गए, जिसके बाद विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।
नोटिस के बाद होगी सख्त कार्रवाई
प्रभारी जिला खेल अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि जिले के 300 से अधिक जिम और फिटनेस सेंटरों को चिन्हित किया गया है। सभी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। यदि इसके बाद भी नियमों का पालन नहीं किया गया तो ऐसे जिम और फिटनेस सेंटरों को बंद कराने की कार्रवाई की जाएगी।


