50 वर्षों का राजनीतिक सफर… शिक्षक से रक्षा मंत्री तक, सादगी और नेतृत्व की मिसाल बने राजनाथ सिंह
दीप चौधरी, नई दिल्ली/नोएडा। देश के रक्षा मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर ‘नोएडा की खबरें’ परिवार की ओर से उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं एवं उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल सार्वजनिक जीवन की मंगलकामनाएं।
पांच दशक से अधिक लंबे सार्वजनिक जीवन में राजनाथ सिंह ने अपने शांत, सौम्य और दृढ़ नेतृत्व से भारतीय राजनीति में एक अलग पहचान बनाई है। उत्तर प्रदेश के एक साधारण किसान परिवार से निकलकर देश के सर्वोच्च नेतृत्व तक पहुंचने का उनका सफर करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा है। वर्ष 1974 में सक्रिय राजनीति में कदम रखने वाले राजनाथ सिंह ने विधायक, सांसद, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, केंद्रीय गृह मंत्री और वर्तमान में देश के रक्षा मंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।

राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाले नेतृत्व की पहचान
रक्षा मंत्री के रूप में राजनाथ सिंह ने भारतीय सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण, स्वदेशी रक्षा उत्पादन, आत्मनिर्भर भारत अभियान और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके कार्यकाल में रक्षा क्षेत्र में कई बड़े निर्णय लिए गए, जिनका उद्देश्य भारत की सामरिक क्षमता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना रहा। इससे पहले गृह मंत्री के रूप में भी उन्होंने आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और देशहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण निर्णयों में अहम भूमिका निभाई।
सादगी, संगठन और संवाद की राजनीति के प्रतीक
राजनाथ सिंह का राजनीतिक जीवन उनकी विनम्रता, संगठन क्षमता और संतुलित नेतृत्व शैली के लिए जाना जाता है। वे ऐसे नेताओं में शामिल हैं जिन्होंने सत्ता के हर महत्वपूर्ण पद पर रहते हुए संवाद, अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों को प्राथमिकता दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्र सरकार के वरिष्ठ मंत्री तक का उनका सफर राजनीतिक अनुभव और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
‘नोएडा की खबरें’ परिवार की शुभकामनाएं
‘नोएडा की खबरें’ परिवार रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के 75वें जन्मदिवस पर उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वे राष्ट्रसेवा के अपने संकल्प के साथ निरंतर देश का मार्गदर्शन करते रहें और भारत निरंतर सुरक्षा, विकास एवं समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ता रहे।


