नोएडा। सेक्टर-16बी निवासी पांच वर्षीय धैरवी सिंह ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर कराटे में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। श्री राम यूनिवर्सल स्कूल की यूकेजी की छात्रा धैरवी ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है।
दो प्रतियोगिताओं में जीता स्वर्ण पदक
धैरवी ने रॉयल चैलेंजर्स काता-कुमिते और एमजीए यूपी स्टेट कराटे चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इन प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने नेशनल चैंपियनशिप में जगह बनाई।
कोच और परिवार का मिला पूरा सहयोग
धैरवी पिछले एक वर्ष से कोच अफजल खान के मार्गदर्शन में प्रतिदिन दो से तीन घंटे अभ्यास कर रही हैं। उनकी मां नीलम अभ्यास के लिए नियमित रूप से उन्हें प्रशिक्षण केंद्र तक लेकर जाती हैं, जबकि पिता धीरेन्द्र सिंह विभिन्न प्रतियोगिताओं में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निभाते हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने का सपना
धैरवी का लक्ष्य भविष्य में अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करना और स्वर्ण पदक जीतकर विश्व मंच पर तिरंगा लहराना है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, स्कूल और प्रशिक्षकों ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


