नोएडा के ट्रैफिक जाम पर फोनरवा की बड़ी पहल! DCP ट्रैफिक के सामने रखीं शहर की समस्याएं, समाधान की उठी मांग

नोएडा। फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) के पदाधिकारियों ने मंगलवार को डीसीपी (यातायात) अभय कुमार मिश्रा के साथ बैठक कर शहर की बढ़ती ट्रैफिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। फोनरवा ने विभिन्न सेक्टरों से प्राप्त शिकायतों और सुझावों का विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए अवैध पार्किंग, अनियंत्रित ई-रिक्शा और ऑटो संचालन, सड़क किनारे अतिक्रमण तथा प्रमुख मार्गों पर लगने वाले जाम पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की। फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने कहा कि इन समस्याओं के कारण शहरवासियों को रोजाना भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

ट्रैफिक सुधार के लिए कई अहम सुझाव, बस स्टैंड और सिग्नल की मांग

फोनरवा के महासचिव के.के. जैन ने प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की संख्या बढ़ाने, अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाने, ई-रिक्शा एवं ऑटो के लिए निर्धारित स्टैंड विकसित करने तथा स्कूलों, अस्पतालों और बाजारों के आसपास विशेष ट्रैफिक प्रबंधन लागू करने की मांग की। उन्होंने विभिन्न सेक्टरों में सड़क किनारे खड़ी होने वाली निजी बसों के लिए अलग बस स्टैंड विकसित करने और ट्रैफिक सिग्नलों व दिशा-सूचक संकेतकों को आधुनिक बनाने का भी सुझाव दिया। वहीं सेक्टर-117 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष कोसिंदर यादव ने सेक्टर-80 फेज-2 से सेक्टर-112 की ओर स्थित एफएनजी चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने की मांग रखी।

सेक्टरों की स्थानीय समस्याएं भी उठीं, सड़क सुरक्षा पर जोर

बैठक में सेक्टर-55 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सतनारायण गोयल ने रेडिएंट एकेडमी के बाहर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने का सुझाव दिया, जबकि सेक्टर-122 (5%) के महासचिव भूषण शर्मा ने पार्थला फ्लाईओवर से पहले नया यू-टर्न बनाने की मांग की। सेक्टर-36 की आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अनीता ने सेक्टर-31 और 36 को जोड़ने वाली सड़क पर डिवाइडर और फुटपाथ बनाने की आवश्यकता बताई ताकि तेज रफ्तार वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। इसके अलावा सड़क सुरक्षा बढ़ाने, रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर सख्ती और ट्रैफिक पुलिस व आरडब्ल्यूए के बीच नियमित समन्वय बैठक आयोजित करने का भी सुझाव दिया गया।

DCP ट्रैफिक ने दिया कार्रवाई का भरोसा

डीसीपी (यातायात) अभय कुमार मिश्रा ने फोनरवा द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सभी सुझावों का परीक्षण कर व्यावहारिक और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने और शहर में सुरक्षित एवं व्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। बैठक में फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, महासचिव के.के. जैन सहित विभिन्न सेक्टरों के आरडब्ल्यूए पदाधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

क्या आपको लगता है कि बॉलीवुड ड्रग्स केस में और भी कई बड़े सितारों के नाम सामने आएंगे?

View Results

Loading ... Loading ...

आज का राशिफल देखें