नोएडा। कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने बंद मकानों में चोरी करने वाले ‘गुलेल गैंग’ का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के सरगना समेत दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक और अन्य सामान बरामद किया गया है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान बुलंदशहर निवासी फिरोज उर्फ बबलू और छलेरा गांव निवासी आशीष के रूप में हुई है।
रेकी के बाद बनाते थे चोरी की सटीक योजना
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले चोरी की बाइक से विभिन्न इलाकों में रेकी करते थे। जिन मकानों के बाहर कई दिनों तक अखबार जमा रहता या लंबे समय तक लाइट बंद रहती, उन्हें अपना निशाना बनाते थे। वारदात के दिन दोनों गुलेल से मकान पर कंकड़ मारकर यह पता लगाते थे कि अंदर कोई मौजूद है या नहीं।
15 से 30 मिनट में वारदात कर हो जाते थे फरार
यदि मकान के अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती थी, तो आरोपी घर में घुसकर महज 15 से 30 मिनट के भीतर जेवर, नकदी, लैपटॉप, मोबाइल और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस का मानना है कि गिरोह ने इसी तरीके से कई वारदातों को अंजाम दिया है।
सरगना पर 12 और साथी पर पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, फिरोज उर्फ बबलू गिरोह का सरगना है। वह तीसरी कक्षा तक पढ़ा है और कई वर्षों से अपराध की दुनिया में सक्रिय है। उसके खिलाफ चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत 12 मुकदमे दर्ज हैं। दिन में वह टैक्सी चलाता था, जबकि रात में साथी के साथ चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। वहीं, बीए पास आशीष के खिलाफ विभिन्न थानों में पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी पहले भी जेल जा चुके हैं।


