नोएडा। सेक्टर-22 के निवासियों ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) को पत्र भेजकर बी-1 ब्लॉक से रिलायंस की ओर बहने वाले मुख्य नाले की तत्काल सफाई कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाला लंबे समय से पूरी तरह जाम है, जिससे ए, बी और सी ब्लॉक की आंतरिक नालियों का पानी भी नहीं निकल पा रहा है। इसके चलते क्षेत्र में गंभीर स्वच्छता और जलनिकासी की समस्या उत्पन्न हो गई है।
दुर्गंध और गंदगी से लोगों का जीना हुआ मुश्किल
निवासियों के अनुसार नाले में कचरा, प्लास्टिक और सिल्ट जमा होने से पानी का बहाव पूरी तरह रुक गया है। गंदा पानी लंबे समय से जमा रहने के कारण पूरे क्षेत्र में बदबू फैल रही है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को सांस लेने तक में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मच्छरों का बढ़ा प्रकोप, संक्रामक बीमारियों का खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि रुके हुए गंदे पानी के कारण मच्छरों और अन्य हानिकारक कीड़ों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। इससे क्षेत्र में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी गंभीर बीमारियों के फैलने की आशंका लगातार बनी हुई है, जिससे लोगों में चिंता का माहौल है।
मानसून से पहले व्यापक सफाई की उठी मांग
निवासियों ने पत्र में कहा है कि यदि मानसून से पहले नाले की गाद निकालकर मशीनों से व्यापक सफाई नहीं कराई गई तो बारिश के दौरान सेक्टर-22 के ए, बी, सी सहित अन्य ब्लॉकों में जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने सीईओ से संबंधित विभागों को तत्काल निर्देश देकर नाले की सफाई और आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।


