नोएडा: ‘BAT-BMS’ ऐप से ई-रिक्शा रोकने के वायरल दावे पर नोएडा पुलिस अलर्ट, दुरुपयोग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

 

नोएडा: सोशल मीडिया पर ‘BAT-BMS’ नामक मोबाइल ऐप का एक वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद नोएडा पुलिस सतर्क हो गई है। वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि इस ऐप की मदद से सड़क पर चल रहे ई-रिक्शों की बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) को ब्लूटूथ के जरिए लॉक कर वाहन को बीच रास्ते में रोका जा सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति इस तकनीक का दुरुपयोग कर सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वायरल वीडियो में कुछ लोग यह दावा कर रहे हैं कि यदि किसी ई-रिक्शे का BMS इस ऐप से जुड़ा है और वह ब्लूटूथ की रेंज में है, तो मोबाइल ऐप के माध्यम से उसकी बैटरी को लॉक कर ई-रिक्शा को बंद किया जा सकता है। हालांकि, इस दावे की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ई-रिक्शे संचालित होते हैं। पुलिस का कहना है कि यदि ऐसे किसी ऐप का गलत इस्तेमाल किया गया, तो बीच सड़क पर ई-रिक्शे अचानक रुक सकते हैं, जिससे चालकों और यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। इसके अलावा यातायात बाधित होने, सड़क हादसों और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की भी आशंका है।

नोएडा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऐसे वीडियो और दावों के बहकावे में न आएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें। पुलिस ने दोहराया है कि तकनीक का दुरुपयोग कर सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

क्या आपको लगता है कि बॉलीवुड ड्रग्स केस में और भी कई बड़े सितारों के नाम सामने आएंगे?

View Results

Loading ... Loading ...

आज का राशिफल देखें