नोएडा में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का बड़ा एक्शन, FONRWA के साथ बैठक में सुरक्षा और ट्रैफिक को लेकर लिए गए अहम फैसले

नोएडा के सेक्टर-52 स्थित फोनरवा कार्यालय में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था, नागरिक सुरक्षा और जनसहभागिता को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की विभिन्न आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया और अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं एवं सुझावों को पुलिस प्रशासन के समक्ष रखा।

 

बैठक के दौरान आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने नियमित पुलिस गश्त, ट्रैफिक जाम, पार्कों में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां, किरायेदारों एवं सुरक्षा कर्मियों के सत्यापन और साप्ताहिक बाजारों के कारण उत्पन्न होने वाली समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। फोनरवा अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा ने पुलिस कमिश्नर के नेतृत्व में बेहतर कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने शहर में संचालित अवैध गेस्ट हाउसों का मुद्दा भी उठाया और उनकी जांच कर कार्रवाई की मांग की।

 

सेक्टर-63 की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई

 

बैठक में सेक्टर-63 थाना क्षेत्र से जुड़े आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने लगातार लगने वाले जाम और नियमित पुलिस गश्त नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने संबंधित अधिकारियों को संबोधित थानाध्यक्ष और चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए तथा क्षेत्र में पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

अब पुलिस अधिकारी संभालेंगे पार्कों की जिम्मेदारी

 

पार्कों में असामाजिक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों पर चिंता जताते हुए पुलिस कमिश्नर ने एक नई पहल की घोषणा की। इसके तहत सभी डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में एक-एक पार्क की तीन महीने तक जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। संबंधित अधिकारी नियमित निगरानी, गश्त और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे ताकि महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।

हर महीने होगी RWA के साथ बैठक

 

पुलिस कमिश्नर ने सभी डीसीपी, एडीसीपी और एसीपी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक माह अपने क्षेत्र की आरडब्ल्यूए के साथ बैठक आयोजित करें। इसका उद्देश्य स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान और पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाना है। उन्होंने निजी सुरक्षा एजेंसियों और उनके कर्मियों के सत्यापन पर भी विशेष जोर दिया।

 

साप्ताहिक बाजारों से लगने वाले जाम का निकलेगा समाधान

 

बैठक में साप्ताहिक बाजारों के कारण होने वाले ट्रैफिक जाम का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। इस पर पुलिस कमिश्नर ने आश्वासन दिया कि नोएडा पुलिस जल्द ही नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाएगी।

 

अपने संबोधन में लक्ष्मी सिंह ने कहा कि नोएडा पुलिस नागरिकों की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और जनविश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि पुलिस और नागरिकों के बीच जितना बेहतर समन्वय होगा, शहर उतना ही सुरक्षित और व्यवस्थित बनेगा। बैठक का समापन नोएडा को सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और भयमुक्त शहर बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

क्या आपको लगता है कि बॉलीवुड ड्रग्स केस में और भी कई बड़े सितारों के नाम सामने आएंगे?

View Results

Loading ... Loading ...

आज का राशिफल देखें