नोएडा में हर आंधी के साथ दोहराती है तबाही: अब अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग, कोनरवा ने मांगा जवाब

नोएडा। कन्फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन्स (कोनरवा) ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को पत्र भेजकर आंधी-बारिश के दौरान पेड़ गिरने से हुई संपत्ति के नुकसान और नागरिकों को हुई परेशानी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संस्था का कहना है कि वह पिछले कई वर्षों से विभिन्न पत्रों, ज्ञापनों और बैठकों के माध्यम से प्राधिकरण को आवासीय सेक्टरों एवं मुख्य मार्गों पर खड़े पुराने और अत्यधिक ऊंचे पेड़ों की नियमित छंटाई कराने के लिए आगाह करती रही है, लेकिन इस दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

आंधी में फिर दोहराई गई पुरानी कहानी

कोनरवा के अनुसार 4 जून को आई तेज आंधी और बारिश के दौरान शहर के कई हिस्सों में बड़े-बड़े पेड़ गिर गए, बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए और वाहनों सहित अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचा। कई क्षेत्रों में 10 से 12 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। संस्था का कहना है कि यदि समय रहते पेड़ों की छंटाई और जोखिमपूर्ण पेड़ों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की गई होती तो इस नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था।

वर्षों से दी जा रही थी चेतावनी

पत्र में कोनरवा ने कहा है कि उसने पूर्व में संबंधित नियमों और दिशा-निर्देशों की प्रतियां भी प्राधिकरण अधिकारियों को उपलब्ध कराई थीं, लेकिन उनकी अनदेखी की गई। संस्था ने हाल ही में इलाहाबाद हाईकोर्ट की उस टिप्पणी का भी उल्लेख किया है, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों को विभागीय विफलताओं और अधीनस्थ कर्मचारियों की चूकों के लिए जवाबदेह ठहराने की आवश्यकता पर बल दिया गया है। संस्था का मानना है कि वर्षों से चेतावनी दिए जाने के बावजूद कार्रवाई न होना गंभीर प्रशासनिक लापरवाही का मामला है।

दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

कोनरवा ने मांग की है कि इस मामले में केवल औपचारिक समीक्षा तक सीमित न रहकर वास्तविक जवाबदेही तय की जाए। संस्था ने कहा कि प्राकृतिक आपदा का हवाला देकर जिम्मेदारी से बचना उचित नहीं है, क्योंकि संभावित जोखिमों का पूर्व आकलन कर निवारक कदम उठाना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। संस्था ने सीईओ से दोषी अधिकारियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा की गई कार्रवाई से नागरिकों को अवगत कराने की मांग की है।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

क्या आपको लगता है कि बॉलीवुड ड्रग्स केस में और भी कई बड़े सितारों के नाम सामने आएंगे?

View Results

Loading ... Loading ...

आज का राशिफल देखें